Budget 2026 Live Updates: बजट को मोदी कैबिनेट ने दी मंजूरी, थोड़ी देर में संसद में पेश करेंगी सीतारमण

नई दिल्ली: Budget 2026 Live Updates: संसद में बजट पेश होने से पहले कैबिनेट बैठक का आयोजन किया गया था। इस बैठक में बजट को मंजूरी मिल गई है। देश की आर्थिक दिशा तय करने वाला दिन आज माना जा रहा है। संसद में आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट 2026 पेश करने जा रही हैं। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा। इस बजट को लेकर देशभर में खासा उत्साह है। एक ओर जहां टैक्सपेयर्स को राहत की उम्मीद है, वहीं मिडिल क्लास, गांव-किसान और छोटे कारोबारियों की निगाहें भी सरकार के इस अहम बजट पर टिकी हुई हैं।

निवेशकों की नजर इस बात पर है कि सरकार आर्थिक विकास (ग्रोथ) और वित्तीय अनुशासन के बीच किस तरह संतुलन साधती है। सरकार के सामने चुनौती है कि वह घरेलू मांग को मजबूती देने के साथ-साथ वैश्विक अनिश्चितताओं का भी सामना करे। दरअसल, यह बजट ऐसे समय में आ रहा है जब एक ओर देश की घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूत बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर वैश्विक स्तर पर हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। अमेरिकी टैरिफ नीतियों, भू-राजनीतिक तनावों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में जारी उतार-चढ़ाव के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। ऐसे में भारत सरकार की नीतियों पर पूरी दुनिया की नजर है।

निर्मला सीतारमण पहुंचीं राष्ट्रपति भवन

Budget 2026 Live Updates: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण राष्ट्रपति भवन पहुंच गईं हैं। (Union Budget 2026) वे यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगी और बजट के बारे में जानकारी देंगी। उसके बाद वित्त मंत्री संसद आएंगी। संसद में 11 बजे बजट भाषण शुरू होगा।

तमिलनाडु की साड़ी पहनकर बजट पेश करने पहुंचीं वित्त मंत्री सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने रिकॉर्ड नौवें बजट के लिए एक शानदार कांजीवरम साड़ी चुनी है। (Union Budget 2026) यह साड़ी तमिलनाडु की है, जहां कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और जहां बीजेपी लंबे समय से सफलता पाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Comment